चीन और पाकिस्तान जैसे देशों की खुफिया एजेंसियों द्वारा भारत के रक्षा मामलों में जासूसी के खतरों से डिफेंस मिनिस्ट्री ने एक बार फिर सावधान किया है। किसी व्यक्ति द्वारा या साइबर सुरक्षा में सेंध लगा कर सूचनाएं लीक होने की संभावना को देखते हुए मिनिस्ट्री की ओर से इस संबंध में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
होम मिनिस्ट्री और अन्य एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर डिफेंस मिनिस्ट्री ने सैन्य बलों और अन्य संगठनों को कड़ाई से सुरक्षा मानकों के पालन का निर्देश दिया है। इससे वेबसाइट के अलावा किसी व्यक्ति के जरिए सूचनाओं को लीक होने से रोका जा सकेगा।
निचले स्तर के कर्मचारियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश
12 मार्च को मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस की ओर से जारी एक निर्देश में कहा गया है कि रक्षा से जुड़े लोअर लेवल के कर्मचारियों के पास सैन्य बलों से संबंधित अहम जानकारियां होती हैं। यही कारण है कि लंबे समय से विदेशी खुफिया एजेंसियां/एजेंट जासूसी के लिए इन्हें अपना निशाना बनाते रहे हैं।
सुरक्षा निर्देश के तहत फोटोकॉपी मशीन की निगरानी, आउटसोर्स किए जाने वाले सभी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन, कॉन्फिडेंशियल मामलों को डील कर रहे लोगों और संदेह के घेरे में आए लोगों पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। इस दौरान कॉलर आईडी जासूसी जैसे मसलों पर भी मिनिस्ट्री सतर्क है।
सबसे ज्यादा सतर्कता साइबर सुरक्षा और कम्प्यूटर प्रयोग करने को लेकर मानकों में दिया गया है। सभी फायरवेल्स के साथ सिक्योर और इन्सिक्योर नेटवर्क्स के इस्तेमाल पर कड़ी पाबंदी लगाई गई है। सूचनाओं को सहेज कर रखने के लिए डिजिटल स्टोरेज डिवाइस के इस्तेमाल को रोक दिया गया है।
एक अधिकारी के मुताबिक, ”ऐसे मामले सामने आए हैं जहां पेन ड्राइव्स, हार्ड डिस्क और सीडी आदि के जरिए डाटा लीक किए गए हैं। कई बार चीन के हैकर्स वायरस वाले यूएसबी डिवाइसों के जरिए मिलिट्री नेटवर्क में सेंध लगाने में कामयाब हुए हैं। इसे रोकने के लिए ही नए सुरक्षा निर्देश दिए गए हैं।”
चीन ने स्वीकार की है साइबर वॉर में शक्तिशाली होने की बात
दिलचस्प बात है कि इस महीने चीन द्वारा प्रकाशित ‘द साइंस ऑफ मिलिट्री स्ट्रैटजी’ में पहली बार चीन ने स्वीकार किया है कि पीपुल्स लिबरेशन ऑर्मी को साइबर वॉर में महारत हासिल है। चीन और पाकिस्तान दोनों के बीच सैन्य संबंध और जानकारियों का लेन-देन बढ़ा है, इस कारण भारत को और सतर्क रहने की जरूरत है। सैन्य अधिकारी के मुताबिक, चीन लंबे समय से भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और जर्मनी जैसे देशों में कम्प्यूटर नेटवर्क के जरिए हैकिंग करता आया है। चीन के पास कुछ हैकरों की ब्रिगेड है। इसके अलावा, 30,000 कम्प्यूटर पेशेवर चीनी सेना के लिए काम करते हैं। यही नहीं, चीन की सिविलियन टीम को भी खुफिया और कम्प्यूटर नेटवर्क हमलों से बचने के लिए मजबूत बनाया गया है।
पाकिस्तान-चीन से जासूसी का ज्यादा खतरा, डिफेंस मिनिस्ट्री ने किया अलर्ट
Post a Comment