सिर्फ एक क्लिक में चुरा लेते हैं आपके पासवर्ड और पैसे, इनसे बचें ऐसे
डेबिट और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने वालों के लिए जरूरी खबर है। साइबर सिक्योरिटी विशेषज्ञों ने देश में डेबिट और क्रेडिट कार्ड का उपयोग करने वालों को ब्रटपॉस मॉलवेयर (BrutPOS Malware) से सतर्क रहने की चेतावनी दी है, जो इन कार्ड्स के पिन नंबर और पासवर्ड जैसे गोपनीय आंकड़े चुराने के लिए पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) काउंटरों पर हमले करता है।
पीओएस किसी शॉप के उस काउंटर को कहते हैं, जहां पेमेंट की जाती है। सीईआरटी-इन के अनुसार ब्रटपॉस नाम का खतरनाक मॉलवेयर ट्रोजन/ बॉटनेट परिवार का है। सीईआरटी-इन देश के इंटरनेट डोमेन में हैकिंग, फिशिंग और सुरक्षा संबंधी अन्य समस्याओं से निबटने वाली राष्ट्रीय एजेंसी है।
कैसे काम करता है यह मॉलवेयर
इस एजेंसी की ओर से जारी की गई एडवाइजरी के अनुसार, ‘पॉइंट ऑफ सेल सिस्टम्स को लक्ष्य बना कर काम कर रहा मॉलवेयर ब्रटपॉस फैल रहा है। यह मुख्यतः विंडोज बेस्ड सिस्टम्स को टारगेट करता है। यदि एक बार यह मॉलवेयर सिस्टम में आ गया, तो सिस्टम का कमांड इसके हाथ में चला जाता है। फिर यह अपने आईपी ऐड्रेस से जुड़कर अपने आप को अपडेट करता है। इसके बाद सिस्टम में मौजूद सभी गोपनीय जानकारियों को यह अपने सर्वर पर भेजना शुरू कर देता है।’
एडवाइजरी में आगे कहा गया है कि इसके आक्रमण से फिर उस सिस्टम में एक अन्य मॉलवेयर बनता है, जो पेमेंट कार्ड्स का डेटा- कार्ड होल्डर का नाम, एकाउंट नंबर, एक्सपायरी से संबंधित डेटा, सीवीवी कोड- आदि चुरा लेता है। इसके अलावा यह मॉलवेयर उस सिस्टम की दूसरी अहम जानकारियां जैसे ऑपरेटिंग सिस्टम से संबंधित विवरण, सिस्टम का कॉनफिगरेशन आदि भी चुरा लेता है।
कैसे बचें इस मॉलवेयर से
सीईआरटी-इन ने इस नए मॉलवेयर का मुकाबला करने के लिए कुछ सुझाव भी दिए हैं।
- सभी पीओएस सिस्टम पूरी तरह अपडेट रखे जाएं
- पीओएस एप्लिकेशन सॉफ्टवेयर अपडेट रखा जाए
- निश्चित संख्या में गलत लॉग इन करने के बाद एकाउंट लॉक हो जाएं
- गेटवे या डेस्कटॉप पर फायरवॉल को इनेबल कर दिया जाए
- ऐसे वेबसाइट पर विजिट न करें जो प्रामाणिक नहीं हैं
- ऐसे स्रोतों से प्राप्त ईमेल से जुड़े अटैचमेंट न ओपन करें और न ही डाउनलोड करें
कितना गंभीर है भारत में वायरस का हमला
भले ही भारत आईटी क्षेत्र में एक सुपरपावर माना जा रहा हो, लेकिन हम पर होने वाले साइबर हमलों की संख्या एक गंभीर संकट की ओर इशारा कर रही है। साल 2014 के पहले चार महीनों के दौरान 6,700 भारतीय वेबसाइट्स पर अटैक किया गया। हैकर्स अपनी पहचान छिपाते हुए अपने पासवर्ड चुरा रहे हैं, फाइलों को हासिल कर ले रहे हैं। मोबाइल डिवाइस पर होने वाले साइबर हमलों की संख्या की बात करें तो दुनिया में भारत का स्थान दूसरा है। खास तौर पर बैंकिंग से संबंधित डेटा चुराने के लिए यह हमले किए जा रहे हैं।
Post a Comment