Rakesh Baloda Rakesh Baloda Author
Title: इंटरनेट बैंकिंग के स्मार्ट तौर-तरीके
Author: Rakesh Baloda
Rating 5 of 5 Des:
इंटरनेट बैंकिंग के स्मार्ट तौर-तरीके दशकों से पड़ोस की बैंक शाखा को ग्राहक के लिए सबसे बेहतर माना जाता था। लोग पैसों का लेनदेन करने, उत्पादों...

इंटरनेट बैंकिंग के स्मार्ट तौर-तरीके

दशकों से पड़ोस की बैंक शाखा को ग्राहक के लिए सबसे बेहतर माना जाता था। लोग पैसों का लेनदेन करने, उत्पादों के बारे में जानकारी लेने, पासबुक अपडेट कराने, अकाउंट स्टेटमेंट व कर्ज की मंजूरी लेने के लिए इन ब्रांच में जाते थे। शाखाओं में प्रशिक्षित कर्मचारी अपनी बैंकिंग जानकारी के आधार पर ग्राहकों के अनुरोध पूरे करते थे। और सामने खड़े ग्राहक ट्रांजैक्शन पूरा होने के इंतजार में खड़े रहते थे।


आज तो बैंकिंग का नजारा ही बदल चुका है। अब ग्राहक रूटीन कामों के लिए बैंक ब्रांच का चक्कर नहीं लगाते। टेक्नोलॉजी ग्राहकों के जीवन का भी अभिन्न हिस्सा बन गई है। ज्यादातर कोर ट्रांजैक्शन जो पहले शाखाओं में होते थे, अब ग्राहक घर या दफ्तर में बैठे-बैठे खुद करने लगे हैं। ऑनलाइन या इंटरनेट बैंकिंग से न केवल यह संभव हुआ है, बल्कि इससे व्यक्तिगत फाइनेंस को मैनेज करने का ग्राहकों का ज्ञान भी बढ़ा है।
वैसे तो ऑनलाइन या इंटरनेट बैंकिंग का चलन काफी समय से है, लेकिन हाल के दिनों में इसमें बहुत तेजी से इजाफा हुआ है। ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से सुविधा तो बढ़ी है, मगर साथ ही साथ जोखिम भी बढ़ गया है। जैसे-जैसे सहूलियत बढ़ती है वैसे-वैसे दुष्ट बिचौलियों के लिए बैंक धोखाधड़ी के अवसर भी बढ़ जाते हैं। लिहाजा इंटरनेट का इस्तेमाल करने वालों के लिए आवश्यक है कि वे ऐसे बदमाशों से सावधान रहें। इनकी कारगुजारियों से बचने के उपाय करें।
बैंकिंग फ्रॉड से कैसे बचें:
नियमित रूप से अपना पासवर्ड बदलें: आपको नियमित अंतराल पर अपना इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड बदलते रहना चाहिए। इससे आपका खाता सुरक्षित रहेगा। पासवर्ड चुनते समय भी चतुराई बरतें। हमेशा 6 से 8 डिजिट तक का सशक्त अल्फान्यूमैरिक (जिसमें अक्षर और अंक दोनों का मेल हो) पासवर्ड चुनें। अपनी जन्मतिथि, पत्नी या मां वगैरह के नामों के पासवर्ड में इस्तेमाल से बचें। सबसे ज्यादा जरूरी है कि पासवर्ड को हमेशा गोपनीय रखें। अपने खाते या पासवर्ड का ब्योरा ऐसी किसी जगह पर स्टोर न करें, जो सबकी पहुंच में हो। यानी न तो कागज पर लिखकर रखें और न ही कंप्यूटर, लैपटॉप या मोबाइल फोन की किसी फाइल में।
लॉग-इन को सार्वजनिक कंप्यूटर इस्तेमाल न करें : साइबर कैफे या लाइब्रेरी जैसे स्थानों के साझा कंप्यूटरों से अपने बैंक खाते में लॉग-इन करने से बचें। ये भीड़भाड़ वाली जगहें होती हैं, जहां संभव है कि आपका पासवर्ड कोई देख ले। यदि आपको ऐसी जगह से लॉग-इन करना ही पड़े तो चेक कर लें कि वहां उपयुक्त एंटी वायरस इंस्टाल होने के साथ-साथ अपडेटेड भी है। कभी भी ब्राउजर को अपना आइडी व पासवर्ड रिमेंबर रखने की अनुमति न दें। अपना कंप्यूटर अज्ञात लोगों के साथ शेयर न करें। इंटरनेट बैंकिंग सत्र को पूरा किए बगैर बीच में छोड़कर कभी कहीं न जाएं। सेशन को पूरा करने के बाद सुनिश्चित कर लें कि आपने पूरी ब्राउजिंग हिस्ट्री साफ कर दी है। ट्रांजैक्शन से संबंधित सभी टेंपरेरी फाइलें डिलीट कर दें।
फोन, एसएमएस या मेल पर अपना ब्योरा न दें: आपका बैंक कभी भी आपसे गोपनीय सूचनाएं फोन या ईमेल पर नहीं मांगेगा। इसलिए यदि आपके पास इस तरह की कोई कॉल या एसएमएस आता है, जिसमें गोपनीय जानकारी मांगी गई हो तो कभी भी ये सूचनाएं प्रदान न करें। इन सूचनाओं में कस्टमर आइडी, पासवर्ड, ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड), कार्ड नंबर या पिन शामिल हैं।
अपना बचत खाता नियमित रूप से चेक करें:
ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के बाद अपने खाते को चेक करें। सुनिश्चित हो लें कि आपके खाते से सही रकम कटी है। यदि आपको किसी भी तरह की गड़बड़ी नजर आती है तो बैंक को तुरंत सूचित करें। यदि आप अपना मोबाइल नंबर को निष्क्रिय पाते हैं या कॉल करने में असमर्थ हैं तो तुरंत अपने सर्विस प्रोवाइडर से संपर्क कर इसका कारण पूछें।
बैंक के एसएमएस अलर्ट को सदैव चेक करें : अपने बैंक द्वारा भेजे गए एसएमएस एलर्ट को कभी इग्नोर न करें। उसे अवश्य देखें। यदि आपके अकाउंट से गलत राशि कटी है तो बैंक को तुरंत इसकी सूचना दें।
हमेशा लाइसेंसशुदा एंटीवाइरस सॉफ्टवेयर प्रयोग करें : अपने कंप्यूटर की नए वायरसों से हमेशा सुरक्षा करें। इसके लिए सदैव लाइसेंसशुदा एंटी
वायरस सॉफ्टवेयर का प्रयोग करें। नकली या पायरेटेड एंटी वायरस आपके कंप्यूटर की सुरक्षा में विफल साबित हो सकते हैं। अपने एंटी-वायरस को अपडेट भी कराते रहें।
लॉग आउट करना न भूलें : इंटरनेट बैंकिंग सत्र पूरा करने के बाद लॉग आउट करना न भूलें। लॉग आउट किए बिना ब्राउजर को सीधे बंद न करें। लॉग आउट के लिए स्क्रीन पर दिए लॉग आउट बटन का इस्तेमाल करें। इससे आपका सत्र सही तरह से बंद होगा और कोई धोखेबाज आपके खाते में सेंध नहीं लगा सकेगा।
इंटरनेट बैकिंग यूआरएल की सदैव पुष्टि करें : इंटरनेट बैंकिंग के लिए हमेशा ब्राउजर के एड्रेस बार में दिए गए बैंक यूआरएल का इस्तेमाल करें। ईमेल के जरिये भेजे गए लिंक्स पर क्लिक न करें। ऐसे कई वाकये हो चुके हैं, जिनमें धोखेबाजों ने बैंक की असली वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी साइट बनाकर और ईमेल के जरिये उसका लिंक ग्राहकों को भेज फ्रॉड को अंजाम दिया। यदि आपने ऐसे लिंक पर लॉग-इन कर अपने गोपनीय ब्योरे दर्ज कर दिए तो धोखेबाज उनका इस्तेमाल कर आपके खाते तक पहुंच जाएंगे और पैसा निकाल लेंगे। यूआरएल की पुष्टि करने के लिए देखें कि इसके पहले 'द्धह्लह्लश्चह्य//' लगा है या नहीं। यदि नहीं है तो यह आपके बैंक की असली वेबसाइट नहीं है।

Advertisement

Post a Comment

 
Top