एटीएम फ्रॉड : पूछे कोई तो नहीं बताएं एकाउंट व पासवर्ड
नेट बैंकिग और एटीएम ने पैसों के लेन-देन को आसान तो बना दिया है, लेकिन इससे धोखाधड़ी के मामलों को काफी बढ़ा भी दिया है। कभी फर्जी फोन कॉल से एटीएम के पासवर्ड हासिल करके तो कभी एटीएम मशीन में छेड़खानी करके। ये अपराधी एटीएम के जरिए लोगो के करोड़ों रुपए लुट चुके है। ऐसे में एटीएम से पैसे निकालते समय किन बातों का रखें ध्यान यहां जानिए।
एटीएम यानि ऑटोमेटेड टेलर मशीन के जरिए बड़े पैमाने पर जालसाजी की जा रही है। अकेले मुंबई में जनवरी से लेकर अब तक 100 से ज्यादा मामले दर्ज किये गए हैं जिसमें ग्राहकों को लाखों रुपए का चूना लग चुका है। मुंबई पुलिस के मुताबिक एटीएम फ्रॉड दो तरीकों से किया जा रहा है।
पहला जो कि बिल्कुल बेसिक है, जिसमें आपके एटीएम कार्ड की चोरी की गई हो। या फिर किसी ने फर्जी फोन कॉल करके आपसे एटीएम का पासवर्ड मांग लिया हो। दूसरा थोड़ा तकनीकी है। जिसमें कुछ खास डिवाइस का इस्तेमाल किया जा रहा है। उदाहरण के तौर पर स्किमर, ड्राई ग्लू, वेब कैमरा। इनमें सबसे ज्यादा मामले स्किमर के है। स्किमर एक ऐसा डिवाइस जो एटीएम में कार्ड डालने की जगह फिट किया जाता है। इसके जरिए आपके एटीएम कार्ड का मैगनेटिक डाटा स्किमर में छप जाता है। और फिर उसी के जरिए डूपलिकेट कार्ड बनाया जाता है। इसे बहुत सफाई से कार्ड की जगह पर फिक्स किया जाता है।
वहीं ड्राई ग्लू एक ऐसा ग्लू जिसे मशीन के कीपैड के ऊपर लगाया जाता है ताकि कई बार कोशिश करने पर भी आप पैसे ना निकाल पाएं। और ठीक आपके पीछे आप पर नजर रख रहा अपराधी ग्लू हटाकर आपके प्रोसेस किये ट्रांजैक्शन से पैसे निकाल लेता है। तीसरी तकनीक है वेब कैमरा की, जो मशीन के ठीक ऊपर की तरफ लगाया जाता है ताकि आपके कार्ड और पिन नंबर को हूबहू कैमरे में कैद करके डुप्लिकेट कार्ड बनाया जाएं।
तो कैसे बचा जाएं इस एटीएम की जालसाजी से। पुलिस की साइबर क्राइम टीम के मुताबिक ट्रांजैक्शन से पहले जरूर देखें कि कार्ड डालने वाली जगह पर कोई स्किमर तो फिट नहीं किया गया है। मशीन के कीपैड पर कोई ग्लू जैसी चीज तो नहीं है। मशीन के आसपास कोई कैमरा तो नहीं लगा हुआ है। मशीन अगर हैंग हो जाए तो तुरंत एटीएम सुरक्षाकर्मी को जानकारी दें। आपके ट्रांजैक्शन के समय कोई आपके पीछे खड़ा तो नहीं ये आश्वस्त जरूर कर लें। अगर ऐसा है तो उन्हें बाहर रुकने को कहें। आपके ट्रांजैक्शन के दौरान अगर मशीन हैंग हो गई, तो तुरंत बैंक के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। बिना पुष्टि किए एटीएम से बाहर ना जाएं। इसके अलावा अगर आपके पास बैंक से कॉल आए और आपका एटीएम पासवर्ड से जुड़ी जानकारी मांगे तो बिल्कुल भी ना दें। नियमों के मुताबिक कोई भी बैंक आपके एटीएम का पिन नंबर नहीं मांग सकता है।
यदि आप बैंक उपभोक्ता हैं और आपके पास बैंक का एटीएम है, इसके साथ ही आप ऑनलाइन नेट बैंकिंग का उपयोग कर रहे हैं, तो आपको सतर्क रहने की जरूरत हैं, क्योंकि राजधानी भोपाल में बैंक एटीएम संबंधी फ्रॉड के मामले बढ़ रहे हैं।
बैंकों द्वारा जारी निर्देशों के बावजूद राजधानी भोपाल के बागमुगलिया निवासी अरविंद श्रीवास्तव और तुलसी नगर निवासी मंगलेश श्रीवास्तव धोखाधड़ी का शिकार हुए। दोनों ने बैंक एटीएम कार्ड को लेकर उनके साथ हुए फ्रॉड की शिकायत संबंधित बैंक और पुलिस में कर दी है। इसके बाद भी अभी तक इन मामलों में सही जानकारी नहीं मिल पाई है कि आखिरकार फ्रॉड कैसे हुआ। ऐसा नहीं है कि एटीएम फ्रॉड के जरिए गायब होने वाली राशि से केवल उपभोक्ता को ही नुकसान उठाना पड़ता है, बैंकों को भी इसका खामियाजा उठाना पड़ता है। इसके बावजूद वे फ्रॉड की डिटेल जानकारी देने में हिचकिचाते हैं।
बढ़ रही शिकायतें-
बैंकिंग लोकपाल मप्र व छग की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार बैंकिंग लोकपाल के पास पहुंची शिकायतों में वर्ष 2010-11के मुकाबले वर्ष 2011-12 में 14 फीसद का इजाफा हुआ है। विभिन्ना बैंकों के खिलाफ सेवा संबंधी शिकायतों का यह सिलसिला साल दर साल लगातार बढ़ रहा है।
आरबीआई के ये निर्देश-
भारतीय रिजर्व बैंक और विभिन्ना बैंक भी जनसंचार माध्यमों के जरिए एटीएम को सावधानी और सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल की जानकारी देते रहते हैं।आरबीआई आपसे कभी भी आपके बैंक खातों की विस्तृत जानकारी नहीं मांगता है।इन बातों का रखें ध्यान-
-कभी भी लॉटरी जीतने जैसे ऑफर पर ध्यान न दें।
-काल्पनिक ऑफर से बचें।
-अपने नाम से भेजे गए फर्जी मेल का जवाब नहीं दें।
-एटीएम से जुड़े लेन देन में सचेत रहें।
-एटीएम कार्ड नम्बर और एकाउंट नम्बर हर किसी को न बताएं।
-समय-समय पर बदलते रहें पिन नम्बर।
-कार्ड के पीछे पासवर्ड न लिखें।
बैंकिंग लोकपाल से करें बैंक एटीएम संबंधी शिकायतें-
बैंक सेवाओं संबंधी शिकायत बैंक ग्राहक को पहले अपनी बैंक शाखा में लिखित में देनी होती है।यदि एक माह के अंदर बैंक द्वारा उत्तर न मिले या उत्तर संतोषजनक न हो या शिकायत बैंक द्वारा खारिज कर दी गई हो तो ग्राहक बैंकिंग लोकपाल को इसकी शिकायत कर सकते हैं।
Post a Comment