गूगल मैप’ का इस्तेमाल करते हुए आपने अपने इच्छित इलाके या स्थान को ‘जूम’ करके जरूर देखा होगा, पर क्या आपने अपने शरीर के भीतरी हिस्से को ऐसा करके देखा है? आपकी इसी जिज्ञासा और चिकित्सा विज्ञान की जरूरतों को पूरा करने के लिए ‘गूगल बॉडी मैप’ आनेवाला है. क्या है यह बॉडी मैप, शरीर में किन चीजों को दिखायेगा यह और इससे तथा मौजूदा गूगल मैप से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को बता रहा है आज का नॉलेज..
दिल्ली : किसी नयी जगह, लोकेशन या रास्ते को जानने के लिए अब आप क्या करते हैं? आप अपने कंप्यूटर या स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हुए गूगल मैप के जरिये उसे आसानी से समझ जाते हैं. इस तरह से धरती के तमाम भौगोलिक इलाकों की मौजूदा स्थिति के बारे में जानने-समझने की आपकी जिज्ञासा को भले ही गूगल मैप ने पूरा कर दिया हो, लेकिन हमारे शरीर के भीतरी हिस्सों को भी उसी तरह से देखने-समझने का काम अब तक नहीं हो पाया था. ‘गूगल बॉडी मैप’ ने इस जिज्ञासा को कुछ हद तक शांत करने की कोशिश की है. दरअसल, ‘गूगल बॉडी मैप’ के रूप में एक ऐसी तकनीक का इजाद किया है, जिसके माध्यम से आप अपने शरीर के भीतरी हिस्सों को ‘जूम’ करके देख सकते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यह तकनीक मेडिसिन और हेल्थकेयर सेक्टर में बड़ा बदलाव ला सकती है.
अमेरिका में एक अंतरराष्ट्रीय शोध सम्मेलन के दौरान हाल ही में इस तकनीक के बारे में खुलासा किया गया है. एक इमेजिंग तकनीक की वजह से ऐसा संभव हो सका है. इस तकनीक का विकास जर्मनी की उच्च-तकनीक की ऑप्टिकल और औद्योगिक मेजरमेंट की अग्रणी कंपनी ‘जेस’ ने किया है. हालांकि, मूल रूप से इस तकनीक का विकास सिलिकॉन वेफर्स में होनीवाली संभावित खामियों का पता लगाने के लिए किया गया था. लेकिन जैसे-जैसे इस दिशा में काम आगे बढ़ा, विशेषज्ञों ने इसके जरिये ‘गूगल मैप’ की तर्ज पर ‘बॉडी मैप’ तैयार करने की दिशा में भी कामयाबी हासिल की.
इस पूरे प्रोजेक्ट का नेतृत्व न्यू साउथ वेल्स विश्वविद्यालय की एक प्रोफेसर मेलिसा नॉथ टेट कर रही हैं. इस शोधकार्य में ऑस्टियोपोरोसिस और ऑस्टियोआर्थराइटिस जैसी बीमारियों का पता लगाने के लिए सेमीकंडक्टर का प्रयोग किया गया है.
एलगोरिथम से मिली मदद
सेल बायोलॉजी और रीजेनरेटिव मेडिसिन विशेषज्ञ प्रोफेसर मेलिसा नॉथ टेट ने इस प्रोजेक्ट के तहत ‘गूगल एलगोरिथम’ की मदद से मानव शरीर के भीतर सभी जोड़ों और कोशिका के स्तरों को ‘जूम इन और जूम आउट’ करने में सफलता प्राप्त की है. मानव शरीर के अंगों की तस्वीरों को भी ठीक उसी तरह से जूम इन और जूम आउट किया जा सकता है, जैसा हम किसी स्थान विशेष की जानकारी के लिए तस्वीरों को जूम करके देखते हैं. हालांकि, कौन सी कोशिका कमजोर है, इसका पता लगाने में अभी काफी समय लग सकता है.
इस प्रोजेक्ट से जुड़े शोधकर्ता मानव के घुटने के जोड़ का अध्ययन कर रहे हैं, जिससे आनेवाले समय में नयी थेरेपियों का विकास किया जा सके. उनकी टीम इस महत्वाकांक्षी शोधकार्य में अत्याधुनिक माइक्रोटोम और एमआरआइ तकनीक का इस्तेमाल कर रही है, जिससे इस बात का पता लगाया जा सके कि चलने-फिरने और वजन डालने से मांसपेशियों और जोड़ों पर क्या प्रभाव पड़ता है. शोधकर्ताओं का उद्देश्य रक्त, हड्डियों, लिंफैटिक्स और मांसपेशियों के बीच के आपसी संबंध को उजागर करना भी है.
प्रोफेसर टेट के हवाले से ‘डेलीमेल’ की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि ऐसा पहली बार हुआ है, जब मानव शरीर के भीतरी कोशिकाओं को ऊपर से नीचे तक देखना संभव हो सका है. इससे यह पता लग पा रहा है कि कोशिकाओं को ऊर्जा कहां से प्राप्त होती है और वे आपस में कैसे जुड़े हैं. इसकी मदद से वैसी थेरेपियों का पता लगाना संभव हो पायेगा, जिसके बारे में हम अभी तक नहीं जानते हैं. यह प्रोजेक्ट अगर सफल होता है, तो कई नये रास्ते खुल जायेंगे. मालूम हो कि प्रोफेसर टेट ही वह शोधकर्ता हैं, जिन्होंने इस गुप्त कही जानेवाली तकनीक का इस्तेमाल पहली बार इंसानों पर किया. कुछ इसी तरह का एक शोधकार्य हार्वर्ड विश्वविद्यालय और जर्मनी के हेडलबर्ग में भी चल रहा है, जिसका लक्ष्य तंत्रिका के संबंधों का पता लगाना है. यह शोध चूहे के दिमाग पर किया जा रहा है.
प्रोफेसर नॉथ टेट ने लॉस वेगास में संपन्न ऑर्थोपेडिक रिसर्च सोसाइटी की एक बैठक में कुछ शोधपत्र भी प्रस्तुत किये, जिसमें इंसानों के कुल्हे और ऑस्टियोआर्थराइटिस के संबंधों पर शोध किया गया है. ऐसे कई अध्ययन हैं, जो खास ऊतकों में ‘मॉलेकुलर ट्रांसपोर्ट’ को दर्शाते हैं, लेकिन विभिन्न ऊतकों में हड्डियों के परिवर्तन पर बहुत कम शोध हुए हैं.
प्रोफेसर नॉथ टेट पहले ही रक्त, मांशपेशियों और हड्डियों के माध्यम से होनेवाले ‘मॉलेकुलर ट्रांसपोर्ट’ एवं गिन सुअरों में होनेवाले ऑस्टियोआर्थराइटिस के बीच को संबंधों को बता चुकी हैं. इंसानों की तरह गिन सुअरों में भी समय के साथ यह बीमारी विकसित होती है. ऐसी मान्यता रही है कि यह बीमारी कोशिकाओं के आपसी संपर्क के खत्म होने की वजह से विकसित होती है. इस संबंध में प्रोफेसर नॉथ टेट का कहना है कि मांसपेशियों के संकेतों, ऊतकों के बीच के संबंधों का पता लगाने से हम इसके इलाज के विकल्पों को बढ़ा सकते हैं. इसमें शारीरिक थेरेपी और अन्य प्रक्रियाओं की खोज भी शामिल हैं.
मानव अंगों को स्पष्टता से देखना संभव
माइक्रोस्कोपी के विकास से इंद्रियों और ऊतकों की पूरी लंबाई का चित्र लेना संभव हो पाता है. इसकी मदद से शरीर के प्रत्येक जोड़ को नैनोमीटर हिस्से तक को मापना मुमकिन है. इसके अतिरिक्त उनकी अवस्था में परिवर्तन की संभावना और बहुत बड़े आंकड़ों का विश्लेषण भी किया जा सकता है.
प्रोफेसर नॉथ टेट ने ‘जेस’ द्वारा अपनायी गयी तकनीक को खूब पसंद किया है. इसके पीछे की वजह है गूगल मैप का इस्तेमाल, जिसकी मदद से बहुत स्पष्टता के साथ अंगों को देखना संभव हो पाता है. इनके आंकड़ों की संख्या टेट्राबाइट में हैं, इसलिए गूगल मैप एलगोरिथम की मदद से बहुत बड़ी सूचनाओं का अच्छे से इस्तेमाल कर पाना संभव हो सका है. उनका कहना है कि ये हमारे शरीर में ये ट्रैफिक कंट्रोलर की तरह काम कर सकते हैं. प्रोफेसर टेट का मानना है कि आधुनिक शोध उपक्रम एक नया तकनीकी प्लेटफॉर्म मुहैया कराते हैं, जिससे विज्ञान के सबसे कठिन और अब तक अनुत्तरित समङो जानेवाले कई प्रश्नों को सुलझाया जा सकता है.
(स्नेत : विभिन्न मीडिया वेबसाइट्स)
गूगल मैप में जुड़ी नयी सेवाएं
पिछले महीने गूगल मैप ने इसमें कई बड़े बदलाव किये हैं यानी उसमें कई खासियतों (फीचर्स) को जोड़ा गया है. जानते हैं इनमें से कुछ खासियतों के बारे में :
- व्यंजनों के प्रकार द्वारा रेस्टोरेंट को खोजना : गूगल मैप्स के इस्तेमालकर्ता अब खाद्य पदार्थो के व्यंजनों के प्रकार के आधार पर अपने नजदीकी रेस्टोरेंट को खोज सकते हैं.
- मौसम संबंधी सूचना : दुनिया के किसी भी इलाके में मौसम की हालिया जानकारी के लिए गूगल मैप्स में एक नया फीचर जोड़ा गया है, जो आपको मौसम की जानकारी मुहैया करायेगा. पर्यटकों समेत अन्य लोगों के लिए यह फायदेमंद साबित हो सकती है.
- नेविगेशन : इस नये फीचर से आप किसी खास स्थान से किसी स्थान विशेष की दिशा और उसकी भौगोलिक स्थिति को आसानी से नेविगेट कर सकते हैं.
- ट्रांजिट डायरेक्शन : कई बार आप किसी नये शहर में परीक्षा आदि में शामिल होने से कुछ दिन पहले या एक दिन पहले उस खास स्कूल या बिल्डिंग तक जाकर वहां पहुंचने के आसान राह की तलाश करते हैं ताकि खास दिन को आप वहां समय से पहुंच सकें. गूगल मैप की यह नयी खासियत इस कार्य को आसान बना रहा है.
गूगल की तर्ज पर एप्पल का मैप
दुनियाभर के भौगोलिक स्थानों को जानने-समझने के लिए अब तक लोगों के पास गूगल मैप के तौर पर एकमात्र विकल्प था. लेकिन गूगल के मैप की ही तरह एप्पल ने भी मैप सॉफ्टवेयर को विकसित किया है. विशेषज्ञों का मानना है कि एप्पल के इस क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद गूगल की मैप संबंधी बादशाहत प्रभावित हो सकती है. ‘बीजीआर डॉट कॉम’ की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि आइफोन बनाने वाली कंपनी अपने ‘एप्पल मैप’ को लगातार अपडेट कर रही है ताकि इस्तेमालकर्ताओं को इसे एक नये प्रारूप में मुहैया कराया जा सके. ‘एप्पलक्ष्नसाइडर’ के हवाले से इस रिपोर्ट में बताया गया है कि पर्यटकों के लिए यह ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है. इसके लिए ‘येल्प’ से हासिल आंकड़ों के आधार पर यात्रियों की सुविधा के अनुकूल मैप बनाया जा रहा है. इसके लिए पर्यटन की सुविधा मुहैया कराने वाली विभिन्न एजेंसियों और वेबसाइट से संपर्क किया गया है. इस नये फीचर का जंगली इलाकों में भी परीक्षण किया जा सकता है. अमेरिका और चीन में अनेक इलाकों के तमाम होटलों को इससे जोड़ा जा चुका है.
अमेजन से ग्रीनलैंड तक घर बैठे घूमिये
दुनिया में अमेजन के वर्षा वनों को बेहद दुर्गम इलाके के रूप में जाना जाता है. इस घने जंगल में घूमना बेहद खतरनाक माना जाता है. हालांकि, गूगल मैप ने पूर्व में इसकी मैपिंग करायी थी, लेकिन हाल ही में इसमें नयी खासियतों को शामिल किया गया है.
गूगल ने पूरे वर्षा वनों में जिप वायर का इस्तेमाल करते हुए स्ट्रीट व्यू कैमरों के माध्यम से अमेजन का 360 डिग्री व्यू लिया है. इसे पिछले महीने ही इस्तेमालकर्ताओं के लिए मुहैया कराया गया है. इसके माध्यम से आप अमेजन के वर्षा वनों में घूमने का रोमांच हासिल कर सकते हैं. ‘टेलीग्राफ डॉट कॉ डॉट यूके’ की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि गूगल और एक पर्यावरण समूह अमेजन्स सस्टेनेबल फाउंडेशन की साङोदारी में इस कार्य को अंजाम दिया गया है. इसका मकसद वर्षावनों के सुदूर इलाकों के बारे में लोगों को बताना है.
इसके अलावा, गूगल ने ग्रीनलैंड जैसे दुर्गम इलाके तक भी अपनी पहुंच कायम की है और वहां की मैपिंग का काम भी किया है. मालूम हो कि ग्रीनलैंड को दुनिया के सबसे बड़े द्वीप के तौर पर जाना जाता है, लेकिन इसकी आबादी महज 16,500 है.
दरअसल, यह द्वीप दुनिया के बेहद सुंदर स्थलों में गिना जाता है और गूगल ने इसकी सुंदरता को सभी लोगों तक पहुंचाने के लिए हाल ही में इसकी मैपिंग की है. इस प्रकार से आप घर बैठे दुनिया के दुर्गम क्षेत्रों का नजारा घर बैठे ले सकते हैं.
Post a Comment