एक कम्प्यूटर वायरस क्या-क्या कर सकता है। क्या वो आपसे फिरौती की रकम मांग सकता है। हैरान मत होइए। यह सच है। एक नए वायरस का पता लगा है, जो कम्प्यूटर से अपनी सारी फाइल्स को चुरा लेता है और फिर फिरौती की रकम मांगता है।
रकम मिलने पर ही आपको फाइल्स लौटाई जाती हैं। इस वायरस का नाम है टेस्लाक्रिप्ट रैन्समवेयर। साइबर जानकारों का कहना है कि यह एनक्रिप्टर फैमिली का ही वर्जन 2.0 वायरस है। इससे उन यूजर्स को सबसे ज्यादा खतरा है, जो कम्प्यूटर्स का सबसे ज्यादा इस्तेमाल गेमिंग के लिए करते हैं।
अब यह वायरस ऑनलाइन कंन्यूमर्स तथा ऑनलाइन बिजनेस पोर्टल्स को ईमेल अटैचमेंट के जरिए अपना निशाना बना रहा है।
क्या करता है रैन्समवेयर
यह वायरस आपकी फाइल्स पर कब्जा करके, आपके कम्प्यूटर सिस्टम को पूरी तरह से ब्लॉक कर देता है। इसे तभी अनब्लॉक किया जाता है, जबकि आप फिरौती की रकम चुका दें। खास बात यह है कि फिरौती की मांग डॉलर्स में की जाती है।
कब पता चला था
इस वायरस की जानकारी सबसे पहले फरवरी 2015 में सामने आई थी। इसने अमेरिका, यूरोप तथा कुछ दक्षिण एशियाई देशों को अपना निशाना बनाया था। इसके बाद दिल्ली तथा मुंबई में भी इसके कुछ मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में यूपी के आगरा शहर में दो व्यापारी इस वायरस का शिकार बन चुके हैं और जिन्हें 10,000 डॉलर चुकाने पर राहत मिली।
एंटीवायरस बनाने वाली कंपनी कैस्परस्काइ ने सबसे पहले इस वायरस का पता लगाया था। कंपनी का कहना है कि रैन्समवेयर फिरौती मांगने का डिजिटल तरीका बन रहा है। क्रिप्टोलॉकर, क्रिप्टोवॉल, कॉइनवॉल्ट और सीटीबी-लॉकर इसी तरह के वायरस के नाम और प्रकार हैं।
क्या करें यूजर
- यदि इस वायरस से बचना है तो सबसे पहले तो अपने कम्प्यूटर में अच्छे एंटीवायरस को इंस्टॉल करें तथा उसे नियमित रूप से अपडेट करते रहें।
- अपने कम्प्यूटर और उसमें मौजूद फाइल्स की नियमित रूप से बैकअप कॉपी बनाते रहें।
- बैकअप कॉपी को किसी दूसरे मीडिया यानी पेन ड्राइव, सेकेंडरी हार्ड ड्राइव या डिस्क पर रखें।
Post a Comment