भारत सरकार और रिजर्व बैंक अगले दो वर्षों के भीतर देश में ई-भुगतान (इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट) प्रणाली को बढ़ाना चाहते हैं। ई-भुगतान यानी बिना नगदी के होने वाले लेनदेन। इन तरीकों में कार्ड, इंटरनेट अथवा मोबाइल से रकम का भुगतान किया जाता है।
हालांकि इस तरीके में भी धोखाधड़ी तथा हैकिंग का खतरा बना रहता है। आइए जानते हैं कुछ ऐसे तरीकों को, जिनसे ई-ट्रांसेक्शन के दौरान सुरक्षा बनी रहे।
सार्वजनिक कम्प्यूटर्स का इस्तेमाल न करें
ऑनलाइन बैंकिंग लेनदेन के लिए सार्वजनिक कम्यूटर्स का प्रयोग न करें। अगर ऐसा करना भी पड़े तो यथा संभव अपने कम्प्यूटर पर पहुंचने के साथ ही पासवर्ड को बदल दें।
बैंकिंग जानकारी चाहने वाले ईमेल्स से बचें
यदि आपके कोई ऐसा ईमेल्स प्राप्त हों, जिनमें आपके बैंक खाते से संबंधित जानकारी मांगी जाए, तो उन्हें डिलीट कर दें या फिर नजरअंदाज करें। यह धोखाधड़ी के तरीकों में से एक है। इससे आपका कम्प्यूटर भी हैक हो सकता है।
ईमेल की लिंक्स पर क्लिक करते समय रहें सावधान
अंजान अथवा संदेहास्पद प्रकार के ईमेल्स को खोलने से बचें। यदि खोलें भी तो, उसमें दिए गए किसी लिंक पर क्लिक न करें। यदि आपको किसी वेबसाइट पर जाना है तो मैनुअल तरीके से उसका एड्रेड टाइप करिए। कई बार धोखेबाज, नकली वेबसाइट बनाकर उसका लिंक भेज देते हैं।
कम्प्यूटर का एंटी वायरस अपडेट रखें
अपने कम्प्यूटर के एंटी-वायरस को हमेशा अपडेट रखें। अच्छी कंपनी का एंटी वायरस इस्तेमाल करें।
मजबूत पासवर्ड बनाएं
बैंक खातों के लिए पासवर्ड बनाते समय सतर्क रहें। पासवर्ड बनाते समय लोअर केस, अपर केस, अंकों तथा स्पेशल कैरेक्टर्स का इस्तेमाल करें। पासवर्ड के रूप में जन्मतिथि, वर्षगांठ, परिजनो के नाम या ऐसा कुछ भी न बनाएं जिसके बारे में आसानी से पता लगाया जा सके।
हमेशा https का ध्यान रखें
यदि आप बैंकिंग अथवा भुगतान वेबसाइट्स का उपयोग करते हैं तो हमेशा ध्यान रखें कि उसके एड्रेस के पहले https जरूर लिखा हो। सामान्य http का अर्थ होता है कि यह वेबसाइट सुरक्षित नहीं है।
मोबाइल कनेक्शन को चेक करते रहें
इस बात का हमेशा ध्यान रखें कि आपका मोबाइल फोन कनेक्शन ज्यादा दिनों तक बंद न रहे। यदि आपका मोबाइल काम नहीं कर रहा है तो संभव है कि उसके सिम की क्लोनिंग कर ली गई हो। या फिर किसी धोखेबाज ने आपके नाम से नई सिम जारी करवा ली हो।
Post a Comment