अभी तक आपने कंप्यूटरों को हैक किए जाने की खबरें सुनी होगी लेकिन अब इंटरनेट से जुड़ी कारों को भी हैक किया जा सकता है। अमेरिका में दो हैकरों ने एक परीक्षण में यह दिखाया कि किस तरह इंटरनेट से जुड़ी कार के ब्रेक से लेकर इंजन तक को कई किमी की दूरी से नियंत्रित किया जा सकता है।
अमेरिकी अखबार वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार, एक पत्रिका के वरिष्ठ लेखक एंडी ग्रीनबर्ग ने साइबर सुरक्षा के दो विशेषज्ञों चार्ली मिलर और क्रिस वालसेक से कहा कि उन्हें यह दिखाएं कि वे क्या कर सकते हैं। इसके बाद दोनों दस किमी दूर एक स्थान पर जाकर बैठ गए और ग्रीनबर्ग सेंट लुइस के हाईवे पर कार लेकर तेज गति से निकल पड़े।
अचानक उन्होंने वाहन पर अपना नियंत्रण खो दिया। एक्सेलरेटर ने काम करना बंद कर दिया। ग्रीनबर्ग ने लिखा, "हालांकि मैंने एसयूवी के डैशबोर्ड को छुआ भी नहीं लेकिन रेडियो तेज आवाज में बजने लगा और गाड़ी के विंडशील्ड के वाइपर चलने लगे।
जब मैं इन सबका सामना करने का प्रयास कर रहा था तभी दोनों हैकर कार के डिजिटल डिस्प्ले पर यह सब करते हुए उभरे। वास्तव में यह सब खतरनाक था।" इस परीक्षण के बाद हाईटेक और इंटरनेट से जुड़ी कारों की सुरक्षा को लेकर एक नई बहस शुरू हो गई है।
Post a Comment